Breaking News

बरेलावासियों को मिली उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केंद्र की सौगात।

सांसद श्री राकेश सिंह ने किया लोकार्पण
जबलपुर: बरेलावासियों को आज शुक्रवार को उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केन्द्र के रूप में दो बड़ी सौगातें मिलीं। सांसद श्री राकेश सिंह ने बरेला नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों की उपस्थिति के बीच उप तहसील कार्यालय बरेला और लोकसेवा केन्द्र बरेला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर विधायक श्री सुशील तिवारी इंदु, बरेला नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निशा तिवारी एवं कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी भी मौजूद थे। 

सांसद राकेश सिंह ने लोकार्पण समारोह को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रवासियों को इन उपलब्धियों के लिए बधाई दी। उन्होंने क्षेत्रीय विधायक सुशील तिवारी इंदु को इसका श्रेय देते हुए कहा कि उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केन्द्र खुल जाने से बरेला और इसके आसपास के नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए अब जबलपुर के चक्कर नहीं लगाने होंगे। श्री सिंह ने कहा कि बरेला में उप तहसील कार्यालय एवं लोकसेवा केन्द्र खुल जाने से जहां आम जनता के राजस्व प्रकरणों एवं अन्य विभागों से सम्बन्धित आवेदनों का त्वरित निराकरण होगा वहीं केन्द्र व राज्य शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर निगरानी भी आसान होगी। 

घाट निर्माण के लिए 15 लाख की घोषणा 
सांसद श्री सिंह ने समारोह में क्षेत्रीय विधायक एवं नगर पंचायत अध्यक्ष बरेला की मांग पर बरेला के ऐतिहासिक देवी तालाब के घाट निर्माण के लिए सांसद क्षेत्र विकास निधि से 15 लाख रूपए स्वीकृत करने की घोषणा भी की। श्री सिंह ने जलवायु परिवर्तन और मौसम की अनिमितताओं को देखते हुए छोटे-बड़े सभी तालाबों के संरक्षण की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी इस दिशा में आगे बढ़कर सहयोग करना होगा। 

समारोह को सम्बोधित करते हुए क्षेत्रीय विधायक सुशील तिवारी इंदु ने बरेला में उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केन्द्र की स्थापना के प्रयासों में सक्रिय सहयोग के लिए सांसद श्री राकेश सिंह का आभार माना। श्री तिवारी ने कहा कि बरेला में उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केन्द्र खुलने से क्षेत्रवासियों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर ही निराकरण हो सकेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों की इस मांग को पूरा करने में जिला प्रशासन द्वारा दिखाई गई तत्परता की भी सराहना की। 

कलेक्टर महेशचन्द्र चौधरी ने अपने सम्बोधन में उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केन्द्र के लिए नगर पंचायत बरेला कार्यालय में स्थान उपलब्ध कराने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उप तहसील कार्यालय खुलने से यहां पूर्णकालिक नायब तहसीलदार की पदस्थापना होगी। श्री चौधरी ने कहा कि सांसद, विधायक एवं क्षेत्रवासियों की मंशा के अनुरूप सप्ताह में एक दिन बरेला में अनुविभागीय राजस्व अधिकारी न्यायालय भी लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरेला में सिविल कोर्ट की स्थापना के लिए भी शासन के समक्ष प्रस्ताव भेजा जाएगा। 
इसके पूर्व बरेला नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती निशा तिवारी ने अपने स्वागत भाषण में बरेला मेंे उप तहसील कार्यालय और लोकसेवा केन्द्र की सौगात देने पर सांसद राकेश सिंह एवं विधायक सुशील तिवारी इंदु को साधुवाद दिया। समारोह के प्रारंभ में सांसद श्री राकेश सिंह ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर उप तहसील कार्यालय एवं लोक सेवा केन्द्र का लोकार्पण किया। समारोह के समापन पर अनुविभागीय राजस्व अधिकारी नम:शिवाय अरजरिया ने अतिथियों एवं नागरिकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बताया गया बरेला उप तहसील कार्यालय के अधीन 11 पटवारी हल्के एवं क्षेत्र की लगभग 34 ग्राम पंचायतें होंगी। 

About WFWJ

Check Also

14 नवम्बर ‘विश्व मधुमेह दिवस’ का उत्सव ।

स्टार भास्कर डेस्क/जबलपुर@ विश्व मधुमेह दिवस हर साल 14 नवंबर को बीमारी के बारे में …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *