जबलपुर|30 दिसंबर 2017
कर्मचारियों के बाद अब बिजली कंपनी कर्मचारियों को भी सातवें वेतनमान का लाभ मिलने जा रहा है। कैबिनेट मंजूरी मिलने के बाद मप्र पॉवर मैनेजमेंट कंपनी ने आदेश जारी कर दिए है। साथ ही फ्रिंज बेनिफिट जैसी अन्य मांगों को भी पूरा करने का आश्वासन दिया है।यह आदेश एक जनवरी 2016 से प्रभावशील होगा। इससे प्रदेशभर के लगभग 80 हजार और जिले के 1500 कर्मचारियों से अधिक बिजली कर्मियों को लाभ मिलेगा।इसी के साथ एरियर्स का भुगतान भी जनवरी 2018 के वेतन के साथ दिया जाएगा।1 जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त हुए करीब 150 कर्मचारियों को एक मुश्त एरियर का लाभ मिलेगा। जिसमें कर्मचारियों को प्रतिमाह न्यूनतम 5700 व अधिकतम 12500 रुपए का लाभ मिल सकेगा। आदेश जारी होते ही कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई है। हालांकि यह तोहफा उन्हें नए साल में ही मिलेगा।आदेश पर मप्र यूनाइटेड फोरम फॉर पावर एम्पलाइज एवं इंजीनियर्स ने चर्चा कर उसके अंदर मौजूद विसंगितयों को दूर करने की भी बात कहीं है। इसके लिए कर्मचारियों ने ऊर्जा मंत्री पारस जैन का आभार व्यक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सतावें वेतनमान का लाभ सभी नियमित कर्मियों को मिलेगा। एक जनवरी 2016 के बाद सेवानिवृत्त कर्मियों को भी मप्र सिविल सेवा नियम 1976 के अंतर्गत लाभ मिलेगा। पावर मैनेजमेंट कंपनी के कर्मियों को तीन माह के अंदर अपना विकल्प पत्र प्रस्तुत करना होगा। यदि पावर मैनेजमेंट कंपनी का कर्मी लिखित विकल्प निर्धारित तिथि तक नहीं देता है, तो उसे 1 जनवरी 2016 से संशोधित वेतन संरचना के अनुसार वेतन दिया जाएगा। एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2017 तक वेतन बकाया एरियर्स का भुगतान 36 किश्तों में किया जाएगा।